Friday, February 7, 2025

#फरवरी

#फरवरी 🌻🌹😊

 गुलाबी लाल पीली फरवरी है 
 अदाओं से रँगीली फरवरी है 

 हया के संग खिलती वादियों में 
 लगे दुल्हन छबीली फरवरी है 

 कभी लेकर चली पछुआ हवाऐं 
 कभी शबनम से गीली फरवरी है 

 लहर सरसों के खेतों में ले आई 
 बसंती है नशीली फरवरी है 

 सखी महुआ की बन बौरा गई जो 
 तो होली संग हो ली फरवरी है

 सुनहरी धूप की चूनर लपेटे
  छमक छल्लो कटीली फरवरी है

 लदी फूलों की डाली से सरापा 
 गुलाबों सी सजीली फरवरी है 
   
 कली को चूम कर कहते हैं भौंरे 
  बड़ी मीठी रसीली फरवरी है 

 विरह की रात में सुलगी अगरचे 
 नरम नाज़ुक सी सीली फरवरी है

 मुहब्बत की शरर दिल में जलाती 
  बनी माचिस की तीली फरवरी है

___ ज्योति मिश्रा 🔥
       पटना
🌻🌹🌼🌹🌿🌾🌾🌿🌹🌻🌼

No comments:

Post a Comment